मानगो में विसर्जन जुलूस के दौरान खूनी झड़प, युवक पर चाकू से जानलेवा हमला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के अंतर्गत पृथ्वी पार्क के समीप देर रात विसर्जन जुलूस के दौरान दो युवकों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हमलावरों ने एक युवक पर जानलेवा हमला करते हुए उसके सिर पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक और हमलावर दोनों ही दाइगुटू क्षेत्र के रहने वाले हैं और एक ही जुलूस में शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विवाद की शुरुआत मानगो हनुमान मंदिर के पास हुई थी। जुलूस जैसे ही पृथ्वी पार्क के समीप पहुंचा, दूसरे पक्ष के युवकों ने घायल युवक को किनारे बुलाया, पहले उसके साथ मारपीट की और फिर अचानक चाकू से सिर पर हमला कर दिया।
घटना के समय संयोगवश क्षेत्र में भ्रमण पर निकले एसडीओ अर्णव मिश्रा, मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों का काफिला वहां से गुजर रहा था। सूचना मिलते ही अधिकारियों और पुलिस जवानों ने हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी पृथ्वी पार्क की ओर भाग निकले।
हमले में घायल युवक लहूलुहान हो गया, जिसे उसके साथियों ने संभालकर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

