राष्ट्र संवाद संवाददाता
नीमडीह नीमडीह प्रखंड अंतर्गत तिल्ला पंचायत में रामनवमी के पावन अवसर पर श्री श्री सार्वजनिक बजरंगबली समिति द्वारा आयोजित भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
शुक्रवार सुबह 9:00 बजे भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। विशेष आकर्षण के रूप में लगभग 100 से 120 राइडरों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। दोपहर 2:00 से 3:00 बजे के बीच राइडरों ने अपने करतब और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन कर माहौल को और भी रोमांचक बना दिया।
इसके पश्चात निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11:30 बजे से श्री श्री बजरंगबली की विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा दोपहर 3:00 बजे से रामायण पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भाग लिया।
रात्रि 10:00 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं छऊ-नृत्य का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुति लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। कार्यक्रम में उस्ताद श्री बाघाम्बर सिंह मुंडा एवं श्री दुर्योधन महतो की विशेष उपस्थिति भी सुनिश्चित की गई है।
समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए 108 घट एवं कलश की व्यवस्था की गई थी, जिससे अधिक से अधिक लोग इस धार्मिक आयोजन में शामिल हो सके। पूरे आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

