जमशेदपुर: डिमना लेक में मिला अज्ञात शव, जांच में जुटी पुलिस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
डिमना लेक से गुरुवार शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जब स्थानीय लोगों ने पानी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है, ताकि शव की शिनाख्त हो सके।
मौत के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला दुर्घटना, आत्महत्या या किसी आपराधिक साजिश से जुड़ा है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

