रामनवमी और बसंती दुर्गा पूजा की तैयारियों से सजा शहर, बाजारों में दिखी रौनक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आगामी रामनवमी पर्व को लेकर शहर के बाजारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जगह-जगह दुकानों पर केसरिया रंग की पगड़ियों और महावीर झंडों की बिक्री जोरों पर है। कारीगर इन दिनों दिन-रात मेहनत कर आकर्षक ढंग से केसरिया पगड़ी तैयार करने में जुटे हुए हैं, ताकि श्रद्धालु पर्व के दौरान पूरे उत्साह के साथ इसे धारण कर सकें।

शहर के विभिन्न चौक-चौराहों को भी रामनवमी के झंडों से सजाया जा रहा है। हर गली-मोहल्ले में भगवा रंग की छटा बिखरी हुई है, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। बाजारों में दुकानदारों द्वारा महावीर झंडा, पगड़ी, पूजा सामग्री और अन्य धार्मिक वस्तुओं की बिक्री तेजी से हो रही है।

वहीं दूसरी ओर, साकची स्थित दुर्गा बाड़ी में बसंती दुर्गा पूजा के अवसर पर मा सप्तमी के दिन विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस दौरान पुजारियों द्वारा विधि-विधान से मां दुर्गा की आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर पुष्पांजलि अर्पित की। पूरे परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
रामनवमी और बसंती दुर्गा पूजा के इस संगम ने शहर के धार्मिक वातावरण को और भी जीवंत बना दिया है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ इन पर्वों की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

