राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। हरिवंश नगर हाता स्थित तारा पब्लिक स्कूल में 14वां वार्षिकोत्सव समारोह बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक श्रीमती मेनका सरदार, उपप्रमुख उर्मिला सामद, मुखिया देवी भूमिज, मुखिया सुखलाल सरदार एवं समाजसेवी लक्ष्मी भूमिज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
प्राचार्य कमलेश मिश्र ने स्वागत भाषण के बाद विद्यालय का वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत किया।
इसके बाद छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। जिनमें कृष्ण-सुदामा नृत्य, मां-बेटी, नारी शक्ति, आर्मी नृत्य, छोटा बच्चा प्रस्तुति, उड़िया नृत्य, ‘बुमरो बुमरो’, काली-दुर्गा एक्ट, कॉमेडी, ‘आज नचले’, ‘मल्हारी’ गीत पर नृत्य, संथाली नृत्य आदि प्रमुख है।
इस अवसर पर कारगिल योद्धा को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जमशेदपुर के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, एमजीएम मेडिकल अस्पताल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. जुझार मांझी एवं आईएमए जमशेदपुर के अध्यक्ष जी.सी. मांझी, सदर अस्पताल के पूर्व डीएस डॉ बी साह ने भी अपना विचार व्यक्त किए।
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक श्रीमती मेनका सरदार ने कहा कि विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं भारतीय संस्कृति की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि वे बच्चों को न केवल शिक्षा दे रहे हैं।
इसके अतिरिक्त पूर्व जिला पार्षद करूणामय मंडल, मुखिया सुखलाल सरदार, उपप्रमुख उर्मिला सामद एवं सुनील कुमार दे ने भी अपने विचार रखे और विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

