जामताड़ा में पीडीएस डीलरों की बैठक, शत-प्रतिशत राशन वितरण के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: प्रखंड सभागार में सोमवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सह खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी रविंद्र सोरेन की अध्यक्षता में पीडीएस डीलरों के साथ बैठक आयोजित की गई। कार्यभार संभालने के बाद डीलरों के साथ यह उनकी पहली औपचारिक बैठक थी, जिसमें जामताड़ा नगर, ग्रामीण और मिहिजाम क्षेत्र के सभी जन वितरण प्रणाली दुकानदार शामिल हुए।
बैठक में खाद्यान्न उठाव और वितरण की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अयोग्य कार्डधारियों की पहचान पर विशेष जोर दिया गया। आयकर या जीएसटी देने वाले, चार पहिया वाहन रखने वाले तथा आर्थिक रूप से सक्षम लोगों के राशन कार्ड रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए जांच टीम गठित करने और लंबे समय से राशन नहीं लेने वाले लाभुकों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान डीलरों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। उन्होंने धोती-साड़ी वितरण में ओटीपी संबंधी तकनीकी बाधा और लंबे समय से लंबित कमीशन भुगतान का मुद्दा उठाया। इस पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि समस्याओं को जिला स्तर पर उठाकर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
बैठक में डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं कई डीलर उपस्थित रहे।

