राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा: वर्ष 22 मार्च 2000 को अपनी सेवा की शुरुआत करने वाले जिले के 40 शिक्षकों का जादूगोड़ा में भावनात्मक जमावड़ा देखने को मिला। 26 वर्षों के लंबे सफर को यादगार बनाने के लिए सभी शिक्षक एक स्थान पर एकत्रित हुए और अपने अनुभवों को साझा किया।
इस अवसर पर शिक्षकों ने अपने सेवाकाल के दौरान आए उतार-चढ़ाव, संघर्ष और उपलब्धियों को एक-दूसरे के साथ साझा किया। वर्षों बाद साथियों से मिलकर सभी ने हर्ष और उत्साह का अनुभव किया। जादूगोड़ा के एक रिज़ॉर्ट में आयोजित इस मिलन समारोह में सभी ने अपने व्यक्तिगत जीवन के सुख-दुखों को भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटीं।
इस संबंध में शिक्षक दिलीप बेसरा ने बताया कि 22 मार्च 2000 को जिले के विभिन्न विद्यालयों में 40 शिक्षकों ने एक साथ योगदान दिया था। उसी दिन को यादगार बनाने के उद्देश्य से यह मिलन आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस सफर में जो साथी अब हमारे बीच नहीं हैं या किसी कारणवश जुड़ नहीं सके, उन्हें भी हम सभी की ओर से अनंत प्रेम और श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आपसी स्नेह, एकता और पुराने दिनों की यादों ने माहौल को भावुक और खुशनुमा बना दिया। यह मिलन समारोह शिक्षकों के लिए जीवनभर यादगार पल बन गया।

