राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल: कपाली क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, ताज नगर स्थित अबू बकर मस्जिद के पास 22 वर्षीय युवक रमजान पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि रमजान अपने घर लौट रहा था, तभी पहले से चल रहे विवाद को लेकर शमसाद और ‘छोटे’ नामक युवक 15-20 लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और उससे उलझ गए। आरोप है कि इसी दौरान शमसाद ने चाकू निकालकर रमजान पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
हमले में रमजान को पीठ, गले, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल रमजान शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता बताया जा रहा है। वह वॉल पुटी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।
वहीं, पीड़ित की पत्नी सुल्ताना परवीन ने आरोप लगाया है कि घटना की सूचना पुलिस को देने के बावजूद कोई पुलिसकर्मी अस्पताल नहीं पहुंचा.

