ईद उल फितर पर खानक़ा-ए-बोखारिया में उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़, पीर साहब से दुआओं की दरख्वास्त
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा/बीरभूम: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के गाईसाड़ा शरीफ स्थित खानक़ा-ए-बोखारिया में ईद उल फितर के मौके पर अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज अदा करने के बाद झारखंड और बंगाल के विभिन्न इलाकों से लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंचे और गद्दे नसीन हजरत सैयद मौलाना सैफुल हुसैन साहब बोखारी जी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
ईद की खुशियों के बीच खानक़ा का माहौल पूरी तरह रूहानी रंग में रंगा हुआ नजर आया। दूर-दराज से आए लोगों ने पीर साहब के दरबार में हाजिरी दी और अपनी जिंदगी में खैर व बरकत के लिए दुआ की अपील की। पीर साहब ने भी सभी अकीदतमंदों के लिए अमन, शांति और खुशहाली की दुआ की, साथ ही उन्हें इंसानियत, भाईचारे और मोहब्बत के रास्ते पर चलने की नसीहत दी।
इस दौरान अकीदतमंदों ने खानक़ा परिसर में स्थित हजरत सैयद शाह नुरुल हुसैन साहब बोखारी जी के मजार शरीफ पर फातिहा पढ़ी और अकीदत के फूल पेश किए। मजार पर हाजिरी देने वालों में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी शामिल रहे। हर कोई अपने दिल में सुकून और दुआओं की उम्मीद लेकर यहां पहुंचा था।
खानक़ा-ए-बोखारिया हमेशा से ही रूहानी मार्गदर्शन और सामाजिक एकता का केंद्र रहा है। यह खानक़ा हमेशा हिंदू मुस्लिम सिख इसाई आदिवासी मूलवासी सभी समाज के लोगों को भाईचारे के साथ रहने की अपील की जाती रही है।
बता दे आज का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करने वाला रहा, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों के बीच भाईचारे और एकता का संदेश भी देता नजर आया, जो समाज के लिए बेहद अहम है।

