राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर स्थित आदित्य इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में शारजाह, दुबई एवं यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) से लौटे छात्रों के सम्मान में भव्य प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान खाड़ी देशों से आए छात्रों ने भारत सरकार, विशेष रूप से विदेश मंत्रालय एवं UAE सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में ऑनलाइन वीजा की सुविधा और एयर इंडिया की विशेष उड़ानों के माध्यम से छात्रों की सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित की। समारोह में विजय प्रसाद, तारीख आलम और अविनाश कुमार समेत कई छात्रों ने संस्थान के प्रति कृतज्ञता जताते हुए कहा कि आदित्य इंस्टिट्यूट से प्राप्त डिप्लोमा इन ऑटोमोबाइल की बदौलत उन्हें शारजाह की प्रतिष्ठित कंपनियों जैसे AMMA में कार्य करने का अवसर मिला। इस अवसर पर उपनिदेशक सुजय कुमार, श्रीमती प्रियंका कुमार एवं संस्थान के निदेशक प्रोफेसर डॉ. बी. कुमार ने भी भारत सरकार और विदेश मंत्रालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छात्रों की सुरक्षा और उनके भविष्य को लेकर उठाए गए कदम सराहनीय हैं। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और गर्व से भरा रहा, जहां छात्रों की उपलब्धियों को सम्मानित किया गया।

