रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
जमशेदपुर के मानगो गुरुद्वारा रोड निवासी 26 वर्षीय रोहित शुक्ला उर्फ चंदन शुक्ला की बेंगलुरु में एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। रोहित बेंगलुरु एयरपोर्ट के बाहर पार्किंग स्थल में कार्यरत थे, जहां ड्यूटी के दौरान एक वाहन की चपेट में आ जाने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी कर्नाटक पुलिस द्वारा परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही परिजन बेंगलुरु के लिए रवाना हुए और अब पार्थिव शरीर को लेकर जमशेदपुर लौट रहे हैं। रोहित अपने परिवार के बड़े बेटे थे और उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता पेशे से टेंपू चालक हैं और परिवार की जिम्मेदारी काफी हद तक रोहित पर ही थी। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने रोहित के आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की। स्थानीय लोगों ने भी इस हादसे पर दुख जताते हुए परिवार को हर संभव सहयोग देने की बात कही है।

