रामनवमी को लेकर मानगो में तैयारियां तेज, मेयर ने उपायुक्त को सौंपा मांग पत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: आगामी रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भव्य आयोजन को लेकर मानगो नगर निगम क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। 15 मार्च 2026 को आयोजित बैठक में विभिन्न अखाड़ा समितियों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं के आधार पर मेयर सुधा गुप्ता ने उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा है।
पत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, जुलूस मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की गई है। साथ ही साफ-सफाई, कचरा उठाव, निर्बाध बिजली आपूर्ति, अस्थायी प्रकाश व्यवस्था और पेयजल के लिए टैंकर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
ट्रैफिक नियंत्रण के लिए डायवर्जन प्लान, पार्किंग व्यवस्था, एम्बुलेंस व मेडिकल टीम की तैनाती, फायर ब्रिगेड और क्विक रिस्पांस टीम की व्यवस्था करने का भी अनुरोध किया गया है। विभिन्न विभागों के समन्वय के लिए कंट्रोल रूम और नोडल पदाधिकारी नियुक्त करने की मांग भी उठाई गई है।
इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में दंडाधिकारी की तैनाती, अफवाहों पर नियंत्रण, मानगो चौक पर शांति समिति के लिए कैंप तथा चलंत वाहनों में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया है।
बैठक में शामिल विभिन्न अखाड़ा समितियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखीं, जिनमें अतिक्रमण, साफ-सफाई, बिजली की जर्जर तारों की मरम्मत, पानी के टैंकर, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइट और धूल नियंत्रण जैसी प्रमुख मांगें शामिल रहीं।
मेयर ने प्रशासन से सभी बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए रामनवमी पर्व को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की अपील की है।

