जामताड़ा में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण, उपाध्यक्ष का निर्वाचन सम्पन्न
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग-ख) एवं जामताड़ा नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्षों और वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समाहरणालय सभागार में मिहिजाम नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष जयश्री देवी सहित 20 वार्ड पार्षदों को शपथ दिलाई गई, जबकि एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन में जामताड़ा नगर पंचायत की अध्यक्ष आशा गुप्ता एवं 16 वार्ड पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों को नगर विकास के लिए समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की गई। इसके बाद दोनों निकायों में उपाध्यक्ष पद हेतु अप्रत्यक्ष निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। मिहिजाम नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में थे, जिसमें महाबीर राय को सर्वाधिक 8 मत प्राप्त कर निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं जामताड़ा नगर पंचायत में ज्योत्सना देवी निर्विरोध उपाध्यक्ष चुनी गईं।
निर्वाचन के उपरांत विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया और संबंधित अध्यक्षों द्वारा उन्हें शपथ दिलाई गई। समारोह में कई प्रशासनिक पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

