जामताड़ा में आरडीएसएस कार्यों की समीक्षा, बिना एनओसी काम पर सख्ती
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के तहत आरडीएसएस योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कार्य कर रही एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ प्रगति और कार्यप्रणाली पर चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान बिना एनओसी और प्रशासनिक अनुमति के बिजली पोल लगाने एवं अन्य विद्युतीकरण कार्य किए जाने पर नाराजगी जताई गई। कई शिकायतों में यह सामने आया कि निजी और सरकारी जमीन पर बिना समुचित प्रक्रिया अपनाए कार्य किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार का कार्य बिना आवश्यक अनुमति के न किया जाए। प्रोजेक्ट से जुड़े प्रस्तावों पर स्थानीय स्तर पर अंचल अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर ही कार्य शुरू किया जाए। यदि किसी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी बाधा आती है तो उसकी जानकारी समय पर देने को कहा गया, ताकि समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में जिले की बिजली वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने, विशेषकर शहरी क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यों में पारदर्शिता और नियमों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।

