लोकतंत्र के महापर्व में उत्कृष्ट योगदान पर सम्मान: जामताड़ा के जिला शिक्षा अधीक्षक हुए सम्मानित
जामताड़ा। नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति को जामताड़ा के उपायुक्त रवि आनंद द्वारा सम्मानित किया गया। नगर भवन, जामताड़ा में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके समर्पण, नेतृत्व क्षमता एवं कुशल प्रबंधन की सराहना की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने में सभी विभागों का समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण रहा, जिसमें शिक्षा विभाग ने सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने विशेष रूप से जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में मास्टर प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों की टीम ने निर्वाचन कार्य को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया।
कार्यक्रम में आईटीडीए निदेशक जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, पंचायती राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम सहित जिले के कई वरीय पदाधिकारी, मास्टर प्रशिक्षक एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे। सभी ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के योगदान को सराहा और इसे टीम वर्क का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इस अवसर पर अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय रहा, जहां उपस्थित लोगों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
समारोह के अंत में उपायुक्त रवि आनंद ने यह संदेश दिया गया कि भविष्य में भी इसी प्रकार समन्वय, पारदर्शिता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए जामताड़ा जिले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

