जामताड़ा पुलिस को मिले 14 नए वाहन, सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए 14 नए चारपहिया वाहनों को 18 मार्च 2026 को समाहरणालय परिसर से रवाना किया गया। वाहनों को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद एवं पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर पुलिस सेवा में शामिल किया गया।
इस अवसर पर बताया गया कि नए वाहनों के जुड़ने से जिले में पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी। इससे न केवल शहरी क्षेत्रों में बल्कि दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस की पहुंच तेज और बेहतर होगी। त्वरित कार्रवाई, गश्ती व्यवस्था और आपात स्थितियों में प्रतिक्रिया समय में सुधार आने की उम्मीद है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इन संसाधनों से अपराध नियंत्रण में मजबूती आएगी तथा आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस को अधिक सहूलियत मिलेगी। साथ ही यह पहल पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाने में भी सहायक साबित होगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।

