फेसबुक पोस्ट पर भड़का बवाल! जेएलकेएम के कोल्हान अध्यक्ष पर रंगदारी और मारपीट का आरोप, 7 लोग हिरासत में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जेएलकेएम के कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो और उनके समर्थकों पर एक परिवार के साथ मारपीट करने और रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि रसूनिया पंचायत के सुखसारी पुनर्वास गांव निवासी फूलचंद महतो के घर पर देर रात कथित तौर पर हमला किया गया। पीड़ित के अनुसार रविवार रात करीब ढाई बजे नवीन महतो अपने 15 से 20 समर्थकों के साथ चार गाड़ियों में सवार होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग नशे की हालत में थे और हथियार भी लिए हुए थे। उस समय उन्होंने दरवाजा पीटकर हंगामा किया और कुछ देर बाद वहां से चले गए, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। पीड़ित का कहना है कि सोमवार सुबह करीब 6 बजे वही लोग दोबारा उनके घर पहुंचे और इस बार जबरन घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए फूलचंद महतो को घसीटकर बाहर निकाला और उनकी जमकर पिटाई कर दी। परिवार की महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया है। फूलचंद महतो ने पुलिस को बताया कि करीब तीन महीने पहले भी उनसे 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और सोमवार को हुए हमले के दौरान भी पैसे नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार भय और दहशत में है तथा पुलिस से सुरक्षा की मांग कर रहा है। वहीं घर से शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और हमलावरों को घेर लिया, जिसके बाद कई लोगों को पकड़कर चांडिल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने अब तक 7 लोगों को हिरासत में लिया है और दो गाड़ियों को जब्त किया है, जबकि दो अन्य वाहन मौके से फरार होने में सफल रहे। घटनास्थल के पास से एक लाल रंग की मारुति कार भी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि पूरे विवाद की वजह सोशल मीडिया पर किया गया एक पोस्ट हो सकता है, जिसमें फूलचंद महतो ने फेसबुक पर लिखा था कि “कोल्हान अध्यक्ष जहां भी जाएंगे, वहां हार निश्चित है।” माना जा रहा है कि इसी पोस्ट से नाराज होकर यह पूरा विवाद हुआ। फिलहाल चांडिल थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि पीड़ित परिवार ने भी औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

