राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा: जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में बढ़ते साइबर अपराध को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने चिंता जताई है। पार्टी के जिला उपाध्यक्ष विमल महतो ने कहा कि क्षेत्र में अचानक कई युवाओं की आर्थिक स्थिति में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है, जिससे साइबर अपराध की आशंका बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई युवा साइबर अपराध में शामिल होकर आसपास के लोगों और यूसील कर्मियों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं के कारण लोग अब ऑनलाइन भुगतान करने से भी डरने लगे हैं और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
विमल महतो ने बताया कि कोकदा, कुलडिहा, दुडकू, आसनवानी, लखनडीह, तिलामुड़ा, राखा, यूसील कॉलोनी, राखा कॉपर, नवरंग मार्केट और इचड़ा सहित कई इलाकों में साइबर अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि कई युवाओं को नोटिस भी दिया गया है और जिला प्रशासन को इस पूरे मामले की गहन जांच करनी चाहिए, जिससे कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ युवा बिना किसी स्पष्ट आय स्रोत के महंगी गाड़ियां खरीद रहे हैं, महंगे मोबाइल फोन इस्तेमाल कर रहे हैं और बड़े-बड़े मकान बना रहे हैं। उनकी संपत्ति की जांच होने पर साइबर अपराध से जुड़े कई राज सामने आ सकते हैं।
विमल महतो ने कहा कि कोकदा गांव से ही लगभग आठ साइबर अपराधियों को जेल भेजा जा चुका है, फिर भी कई लोग अब भी इस अवैध गतिविधि में शामिल हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि साइबर अपराध में घर की महिलाओं के बैंक खातों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा जल्द ही राज्य के डीजीपी से मुलाकात कर जादूगोड़ा क्षेत्र में बढ़ते साइबर अपराध का मुद्दा उठाएगा और प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग करेगा।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में एक मामूली चाय विक्रेता के अचानक करोड़पति बनने की चर्चा है, जिसकी संपत्ति और आय के स्रोत की भी जांच होनी चाहिए।

