राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा: ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। जादूगोड़ा और आसपास के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल खत्म होने के कारण ‘नो स्टॉक’ का बोर्ड लगा दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण इलाकों के लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंपों में ईंधन नहीं मिलने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। लोग घर से निकलते समय इस चिंता में रहते हैं कि रास्ते में कहीं पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया तो वाहन फंस सकता है। जिन पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध है, वहां लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
इधर पहले से ही घरेलू गैस सिलेंडर की कमी से लोग परेशान हैं, ऐसे में पेट्रोल-डीजल की किल्लत ने समस्या और बढ़ा दी है। ईंधन की कमी के कारण वाहन मालिकों ने भाड़ा भी बढ़ा दिया है, जिससे बाजार में सामानों की कीमतों पर भी असर पड़ रहा है।
कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कुछ पेट्रोल पंपों पर कालाबाजारी की आशंका भी है। उनका कहना है कि पंपों पर ‘नो स्टॉक’ का बोर्ड लगा दिया जाता है, जबकि अंदरखाने ईंधन की बिक्री की जा रही है।
पेट्रोल-डीजल की कमी से वाहन संचालन, परिवहन व्यवस्था और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में जांच कर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

