निरसा में मेला घूमने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या, छह के खिलाफ मामला दर्ज
धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मेला घूमने गए एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि निरसा थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर में शीतला पूजा के अवसर पर मेला लगा हुआ था। इसी मेले में घूमने गए गोपालगंज निवासी 19 वर्षीय युवक बिट्टू धीवर की कथित तौर पर कुछ युवकों ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी।
मृतक के परिजनों के अनुसार पांड्रा गांव निवासी अरूप धीवर, विक्रम धीवर, मलिंगा बाउरी और तीन अज्ञात युवकों ने एमपीएल प्लांट जाने वाली रेलवे लाइन के पुलिया के नीचे बहने वाले जोरिया में बिट्टू धीवर को पहले बुरी तरह पीटा और फिर पानी में डुबो-डुबोकर उसकी हत्या कर दी।
मृतक के फुफेरे भाई रोहित धीवर ने बताया कि वह और अरूप धीवर दोनों मैट्रिक की परीक्षा देने के लिए पोद्दारडीह हाई स्कूल से गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बरबा हाई स्कूल गए थे, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच नोकझोंक हुई थी। बुधवार रात वह अपने ममेरे भाई बिट्टू के साथ मेला देखने जा रहा था, तभी रास्ते में अरूप अपने साथियों के साथ मिला और सभी ने मिलकर हमला कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने बिट्टू को जोरिया में डुबो-डुबोकर मार डाला। घटना की सूचना परिजन को दी गई, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में बिट्टू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, इस मामले में मृतक के परिजनों द्वारा निरसा थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

