धनबाद में बड़ी कार्रवाई: बिहार से आई बस से 1400 किलो नकली पनीर और 90 किलो नकली घी जब्त
धनबाद जिला प्रशासन ने खाद्य मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकली पनीर और घी बरामद किया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजा कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे बस स्टैंड पर सघन जांच अभियान चलाया गया। गुप्त सूचना के आधार पर बिहार से आने वाली “बुंदेला” बस (BR 21 P 3632) की तलाशी ली गई। जांच के दौरान बस से 1400 किलो नकली पनीर और 90 किलो नकली घी (6 टीन) सहित अन्य खाद्य सामग्री बरामद की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि बरामद पनीर पटना से धनबाद लाया जा रहा था, जिसे लगन के मौसम और त्योहारों के दौरान बाजार में खपाने की तैयारी थी। इतनी बड़ी मात्रा में धनबाद में पहली बार मिलावटी पनीर पकड़ा गया है।
कार्रवाई के दौरान बस के ड्राइवर और खलासी को हिरासत में लेकर बस समेत धनबाद थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। इसके साथ ही बिहार से आने वाली अन्य बसों की भी सघन जांच जारी रही।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्य बिंदु:
बस स्टैंड पर तड़के 3 बजे छापेमारी
बिहार से आने वाली बुंदेला बस से बरामदगी
1400 किलो नकली पनीर व 90 किलो नकली घी जब्त
ड्राइवर, खलासी व बस को धनबाद थाना को सौंपा गया
लगन व त्योहार में खपाने की थी तैयारी
मिलावटखोरों पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी

