सच की आवाज़ बनकर उभरा राष्ट्रसंवाद, 25 वर्षों से निर्भीक पत्रकारिता का सशक्त उदाहरण:सांसद बिद्युत महतो
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर सांसद श्री बिद्युत बरण महतो ने ‘राष्ट्रसंवाद’ पत्रिका के 25 वर्ष पूर्ण होने पर संपादक श्री देवानंद सिंह एवं समस्त पत्रकार साथियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता केवल खबरों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ और जनभावनाओं का सशक्त मंच होती है।
सांसद श्री महतो ने कहा कि राष्ट्रसंवाद ने पिछले 25 वर्षों में बिना किसी समझौते के सत्य, निष्पक्षता और जनहित की पत्रकारिता का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। संपादक श्री देवानंद सिंह के नेतृत्व में राष्ट्र संवाद समूह हर परिस्थिति में निर्भीकता के साथ जनसरोकारों के मुद्दों को उठाती रही है और सत्ता व समाज दोनों को आईना दिखाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक शहर में, जहाँ हर दिन नई सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियाँ जन्म लेती हैं, वहाँ निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता करना एक बड़ी चुनौती है। लेकिन राष्ट्रसंवाद ने समाज की नब्ज को पहचानते हुए साहसिक और सटीक पत्रकारिता की परंपरा को मजबूती दी है।
सांसद श्री बिद्युत बरण महतो ने कहा कि 32 पन्नों के मासिक ब्लैक एंड व्हाइट संस्करण से शुरू हुई यह यात्रा आज राष्ट्रसंवाद समूह के रूप में विकसित होकर जनविश्वास का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी राष्ट्रसंवाद इसी साहस, निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ जनहित की आवाज़ को बुलंद करता रहेगा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत करेगा।

