रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड स्थित केनरा बैंक की साकरा शाखा में मंगलवार को दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1:55 बजे लंच टाइम के दौरान पांच नकाबपोश बदमाश अचानक बैंक में घुस आए। अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर बैंक कर्मचारियों को डराकर बंधक बना लिया और कैश काउंटर में रखे करीब 15 लाख रुपये लूट लिए। इतना ही नहीं, बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों के मोबाइल फोन, पर्स और सोने की चेन भी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने बैंक के मुख्य दरवाजे को बाहर से ताला लगाकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट से इलाके में हड़कंप मच गया है और बैंक ग्राहकों व स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

