राष्ट्रसंवाद 25 साल की सफल पत्रकारिता यात्रा पूरी होने पर जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने संपादक देवानंद सिंह और राष्ट्रसंवाद परिवार को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
राष्ट्रसंवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने राष्ट्रसंवाद पत्रिका के 25 वर्ष पूर्ण होने पर संपादक देवानंद सिंह तथा समस्त पत्रकार साथियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता केवल खबरों का माध्यम नहीं होती, बल्कि यह समाज की आवाज़ और जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का एक सशक्त मंच है।
सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि राष्ट्रसंवाद ने पिछले 25 वर्षों में बिना किसी समझौते के सत्य, निष्पक्षता और जनहित की पत्रकारिता का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि संपादक देवानंद सिंह के नेतृत्व में यह पत्रिका हर परिस्थिति में निर्भीकता के साथ जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाती रही है और समय-समय पर सत्ता और समाज दोनों को आईना दिखाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक शहर में, जहाँ हर दिन नई सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियाँ जन्म लेती हैं, वहाँ निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता करना एक बड़ी चुनौती है। इसके बावजूद राष्ट्रसंवाद ने समाज की नब्ज को पहचानते हुए साहसिक और सटीक पत्रकारिता की परंपरा को मजबूत किया है।
सांसद महतो ने यह भी कहा कि 32 पन्नों के मासिक ब्लैक एंड व्हाइट संस्करण से शुरू हुई राष्ट्रसंवाद की यात्रा आज एक सशक्त मीडिया समूह के रूप में विकसित होकर जनविश्वास का प्रतीक बन चुकी है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी राष्ट्रसंवाद इसी साहस, निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ जनहित की आवाज़ को बुलंद करता रहेगा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत करेगा।

