दिगड़ी मोड़ से बंकाई सड़क निर्माण में भारी देरी, 18 महीने बाद भी अधूरा काम; ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा :झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत स्वीकृत दिगड़ी मोड़ से बंकाई तक सड़क सुदृढ़ीकरण योजना का कार्य 18 महीने बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि पैकेज संख्या आरडब्ल्यूडी/ईई/जेएसआर/एसटीपीकेजी/12/2023-24 के अंतर्गत करीब 10 किलोमीटर लंबी इस सड़क के सुदृढ़ीकरण का शिलान्यास 8 सितंबर 2024 को पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन, जल संसाधन विभाग सह उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग झारखंड सरकार के कर कमलों से तथा जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो की उपस्थिति में किया गया था।

ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण की मांग को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन किया गया था, जिसके बाद इसका शिलान्यास हुआ था। लेकिन ठेका कंपनी की लापरवाही के कारण अब तक सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है।
सड़क पर बनी कई पुलिया जर्जर और टूटी हुई हैं, जिसे लेकर ग्रामीणों ने कई बार आंदोलन भी किया है। सड़क की खराब स्थिति के कारण लगभग दर्जनों गांवों का शहर से संपर्क प्रभावित हो रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क स्वर्गीय मंत्री रामदास सोरेन का सपना था, लेकिन आज भी यह अधूरा पड़ा हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा और ठेका कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
बताया गया कि करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण साईं कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया जा रहा है। हालांकि ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं।
वहीं साईं कंस्ट्रक्शन के मालिक ने बताया कि पुलिया निर्माण में आई बाधा के कारण लगभग चार महीने तक काम बंद रहा, जिसके कारण सड़क निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

