अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ग्राहक पंचायत महिला आयाम के द्वारा “महिला सामर्थ्य सम्मान” कार्यक्रम का आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “विज्ञापन में महिलाओं को सम्मानजनक और बौद्धिक रूप से दिखाया जाये” विषय पर महिला सामर्थ्य सम्मान कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 7 मार्च 2026, शनिवार को सायं 4:00 बजे, तुलसी भवन के प्रयाग कक्ष में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं की सकारात्मक और गरिमामयी छवि को प्रोत्साहित करना तथा विज्ञापनों में महिलाओं को केवल सजावटी वस्तु के रूप में नहीं बल्कि उनकी बौद्धिक क्षमता और व्यक्तित्व के साथ प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर चर्चा करना था।
कार्यक्रम का संचालन डॉली परिहार जी ने किया। प्रारंभ में आरती शर्मा जी ने ग्राहक गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात जिला महिला आयाम प्रमुख प्रीति सिंह जी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का संक्षिप्त परिचय दिया।
प्रांत महिला आयाम प्रमुख रूबी लाल जी ने अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के महिला आयाम तथा महिला सामर्थ्य सम्मान श्रृंखला के उद्देश्य और कार्यों की जानकारी दी। प्रांत उपाध्यक्ष एंजिल उपाध्याय जी ने विषय प्रवेश कराते हुए कहा कि विज्ञापनों में महिलाओं को केवल आकर्षण का केंद्र बनाकर प्रस्तुत करने की प्रवृत्ति समाज के लिए उचित नहीं है, बल्कि महिलाओं की बौद्धिक क्षमता, नेतृत्व और सामाजिक योगदान को प्रमुखता से दिखाया जाना चाहिए।
इस अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली रेनू शर्मा जी, गीता दीक्षित जी एवं सुष्मिता सरकार जी को महिला सामर्थ्य सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं ने अपने विचार रखते हुए समाज सेवा के अपने अनुभव साझा किए तथा महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता पर बल दिया।
कार्यक्रम में देशभक्ति गीत डॉली परिहार जी द्वारा प्रस्तुत किया गया। वहीं युवा उद्यमी कुसुम जी ने अपने वक्तव्य में महिलाओं के उद्यमिता क्षेत्र में बढ़ते योगदान और अवसरों पर अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. हेमलता जी ने अपने संबोधन में बताया कि वे लंबे समय से प्रताड़ित एवं पीड़ित महिलाओं के अधिकारों के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए उनके माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है, ताकि महिलाएं निर्भय होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आ सकें।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष पप्पू जी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. डी. पी. शुक्ला जी, प्रांत अध्यक्ष डॉ कल्याणी कबीर , प्रांत महिला आयाम प्रमुख रूबी लाल जी, प्रांत संगठन मंत्री प्रभु जी, जिला पर्यावरण आयाम प्रमुख वंदना जी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में डॉ. अनीता शर्मा जी (प्रांत पर्यावरण आयाम प्रमुख) ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा वंदना कुमारी जी (जिला पर्यावरण आयाम प्रमुख) ने शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन कराया।

