प्रेम महतो को न्याय दिलाने की मांग पर मां का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बोकारो:बोकारो स्टील प्लांट में नियोजन की मांग को लेकर 3 अप्रैल 2025 को हुए लाठीचार्ज में मारे गए प्रेम महतो को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उनकी मां गोमती देवी विस्थापितों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गई हैं। गोमती देवी बोकारो स्टील प्लांट के एडीएम बिल्डिंग के मुख्य द्वार के सामने धरना दे रही हैं।
धरने पर बैठी गोमती देवी ने बताया कि वह अपने बेटे के लिए न्याय की मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि प्रबंधन की ओर से सेक्टर-4 से नयामोड़ के बीच 20 डिसमिल जमीन देने, प्रेम महतो की प्रतिमा स्थापित करने, परिजनों को नियोजन देने और 1500 अप्रेंटिस की बहाली करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन लगभग एक वर्ष बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना बेटा खो दिया है और आज इस आंदोलन में सभी लोग प्रेम महतो और उसकी मां बनकर उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे धरने पर डटी रहेंगी।
धरने में शामिल विस्थापित नेता अजय महतो ने कहा कि प्रेम महतो को न्याय दिलाने के लिए वे लोग लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर सांसद, विधायक, उपायुक्त और बोकारो स्टील प्रबंधन के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
अजय महतो ने कहा कि उनकी मांग है कि सेक्टर-4 से नयामोड़ के बीच 20 डिसमिल जमीन उपलब्ध कराई जाए, ताकि 3 अप्रैल को शहादत दिवस के अवसर पर प्रेम महतो की प्रतिमा का अनावरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि विस्थापितों ने अपनी जमीन इसलिए नहीं दी थी कि उन्हें न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़े। अब उनका धैर्य जवाब दे रहा है और जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा।

