कदमा बाजार में पनशाला तोड़ने व सामान चोरी का आरोप, पीड़िता ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमा बाजार काली मंदिर के समीप स्थित एक पनशाला को तोड़ने और वहां से सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भाटिया बस्ती प्रतिमा नगर निवासी प्रीति शर्मा ने कदमा थाना और वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में प्रीति शर्मा ने बताया कि काली मंदिर के पास उनकी पनशाला वर्ष 2013 से संचालित हो रही थी। कुछ दिनों के लिए गांव जाने के कारण पनशाला बंद थी। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पनशाला को तोड़ दिया और वहां रखा सामान चोरी कर लिया।
पीड़िता के अनुसार चोरी हुए सामान में पानी का टैंक, पानी का पंप, करीब 500 ग्लास, 12 कुर्सियां, एक टेबल, चार स्टील के जग, 100 मीटर पानी का पाइप, रॉड कटर मशीन, माइक्रेटर मशीन, बेलचा, कुदाली और गमला समेत अन्य सामग्री शामिल है। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि आसपास के दुकानदारों से फोन पर सूचना मिलने के बाद वह तुरंत गांव से जमशेदपुर पहुंचीं। कदमा बाजार जाकर देखा तो पनशाला पूरी तरह से ध्वस्त कर दी गई थी। आरोप है कि इस दौरान बबली दास और अश्विनी दास वहां से बचे हुए सामान को स्कूटी पर ले जा रहे थे। जब उन्होंने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें धक्का दे दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों मंदिर के पीछे के रास्ते से फरार हो गए।
प्रीति शर्मा का आरोप है कि पनशाला को तोड़कर उक्त जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही वहां झोपड़ी बनाकर होटल संचालकों को किराए पर देने और आसपास करीब 20 अस्थायी दुकानें बनाकर अवैध वसूली की जा रही है।
घटना के बाद उन्होंने समाजसेवी राजीव राम और बबुआ शर्मा को फोन कर इसकी जानकारी दी। उनके सुझाव पर उन्होंने कदमा थाना और वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

