राष्ट्र संवाद संवाददाता
उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान ने उपायुक्त कार्यालय कक्ष में प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्र से आए 30 से अधिक नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। इस दौरान लोगों ने जमीन विवाद, आपदा से संबंधित लंबित मुआवजा भुगतान, पेंशन एवं मंईयां सम्मान योजना का लाभ, सेवा निवृत्ति लाभ, पारिवारिक प्रताड़ना, आवास की मांग, निजी जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा, पैसे के लेन-देन में विवाद, निर्धन बच्चों के नामांकन व फीस माफी, भूमि सीमांकन, आधार कार्ड अपडेट, जन्म प्रमाण पत्र तथा रोजी-रोजगार से जुड़ी समस्याओं को मांगपत्र के माध्यम से प्रस्तुत किया। उप विकास आयुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को समाधान के लिए अग्रसारित किया और निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान कई आवेदनों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि उपायुक्त द्वारा विभागीय समीक्षा के दौरान जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

