धनसार थाना क्षेत्र स्थित बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में होली के दौरान हुए विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग की घटना हो गई। इस घटना में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। घायलों की पहचान विष्णु कुमार और पुष्पक कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल इलाज के लिए सरायढेला स्थित एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार होली का जश्न मनाने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग में बदल गया। घायल विष्णु कुमार के फर्द बयान के आधार पर धनसार थाना में कांड संख्या 33/26 दर्ज किया गया है, वहीं दूसरे पक्ष के आवेदन पर कांड संख्या 34/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अनिल यादव, अभिषेक ठाकुर उर्फ मांझी, कृष्णा कुमार उर्फ लल्ला शर्मा और आतिश शर्मा शामिल हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विवाद के दौरान विकास लाला उर्फ विकास वर्मा ने देसी पिस्टल से फायरिंग की, जिससे विष्णु कुमार और पुष्पक कुमार घायल हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल और एक खोखा भी बरामद कर लिया है। फिलहाल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।

