प्रेमनगर में धूमधाम से मनाया गया रंगों का त्यौहार होली
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। पोटका प्रखंड के प्रेमनगर में होली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गांव के बच्चे, बुजुर्ग, पुरुष एवं महिलाएं सभी होली के रंग में रंगे नजर आए। पूरे गांव में दिनभर खुशियों और उत्सव का माहौल बना रहा।
होली के दिन लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। गांव के लोगों ने पारंपरिक होली गीत गाते हुए टोली बनाकर एक-दूसरे के घरों में जाकर होली की बधाई दी। इस दौरान लोगों ने घर-घर जाकर पारंपरिक व्यंजन जैसे पुरी और पुआ का आनंद भी लिया।
कई स्थानों पर साउंड सिस्टम लगाकर होली के गीत बजाए गए, जिस पर युवाओं और बच्चों ने जमकर नृत्य और गायन किया। कुछ लोगों को ध्वनी प्रदूषण के कारण साउंड सिस्टम नागवार लगा। परंतु होली में सब माफ। चारों ओर रंग, संगीत और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
गांव के लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ इस पर्व को मनाया और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। प्रेमनगर में मनाई गई यह होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देती नजर आई।

