मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता की शिष्टाचार मुलाकात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची: कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में सोमवार को मानगो नगर निगम, जमशेदपुर की नवनिर्वाचित मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री बन्ना गुप्ता भी उपस्थित रहे।
मुलाकात के दौरान मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने अपनी जीत पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया तथा मानगो क्षेत्र के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और नगर निगम क्षेत्र में चल रही योजनाओं को गति देने को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मानगो की जनता ने विकास और पारदर्शिता के एजेंडे पर भरोसा जताया है, जिसे पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने नवनिर्वाचित मेयर को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार शहरी निकायों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा जताई कि नगर निगम क्षेत्र में समन्वय के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने भी मेयर को बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय निकाय लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से ही क्षेत्र का संतुलित विकास संभव है।
पूर्व मंत्री श्री बन्ना गुप्ता ने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि राज्य सरकार और स्थानीय निकायों के बीच बेहतर तालमेल से विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
यह मुलाकात पूर्णतः शिष्टाचार भेंट के रूप में हुई, जिसमें क्षेत्रीय विकास और जनहित के मुद्दों पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में विचार-विमर्श किया गया।

