रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 17 से विजयी पार्षद नीतू शर्मा ने अपनी ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में रविवार को पूरे वार्ड में भव्य विजय रैली निकालकर जनआभार व्यक्त किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, देशभक्ति और विकास के नारों तथा समर्थकों के जोश से पूरा क्षेत्र उत्सव स्थल में तब्दील हो गया। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग रैली में शामिल हुए और पूरे मार्ग में नीतू शर्मा पर फूलों की वर्षा कर उनका भव्य अभिनंदन किया। विभिन्न स्थानों पर आकर्षक स्वागत द्वार बनाए गए थे, जहां स्थानीय निवासियों ने माल्यार्पण कर उन्हें आशीर्वाद दिया। पूरे रैली मार्ग पर उत्साह, उमंग और एकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला, मानो वार्ड 17 की जनता ने अपनी प्रतिनिधि की जीत को जनोत्सव में बदल दिया हो। इस अवसर पर भावुक नजर आईं नीतू शर्मा ने वार्डवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि वार्ड 17 की जागरूक, विकासप्रिय और एकजुट जनता की जीत है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे अपने सभी चुनावी वादों को प्राथमिकता के साथ पूरा करेंगी तथा स्वच्छता, पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही उनका सर्वोच्च लक्ष्य होगा। विजय उत्सव को और भी खास बनाते हुए उसी दिन नीतू शर्मा का जन्मदिन भी वार्डवासियों ने हर्षोल्लास के साथ मनाया। केक काटकर, अंगवस्त्र पहनाकर और शुभकामनाएं देकर लोगों ने उन्हें आशीर्वाद दिया। साथ ही होली मिलन समारोह का आयोजन कर आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी दिया गया। देर शाम तक पूरा वार्ड उत्सव के रंग में सराबोर रहा और विकास के नए संकल्प के साथ एक नई शुरुआत का संदेश देता नजर आया।

