पाकुड़ में मासिक अपराध समीक्षा बैठक, एसपी ने दिए सख्त निर्देश
राष्ट्र संवाद संवादाता
पाकुड़ पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में एसपी ने लंबित कांडों, वारंट, POCSO, आईटी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने चोरी, लूट और गृहभेदन जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नियमित गश्ती एवं सघन जांच अभियान चलाने पर जोर दिया।सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नियमित वाहन जांच, हेलमेट और सीट बेल्ट की जांच तथा ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा थाना आने वाले फरियादियों की शिकायतों का त्वरित एवं शालीनतापूर्वक समाधान करने, साइबर अपराध, नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।बैठक के दौरान रथ यात्रा ड्यूटी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित किया गया। वहीं पुलिस सभा आयोजित कर पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

