नई रेल सेवा का शुभारंभ चतरा से भोपाल की यात्रा अब हुई आसान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
लातेहार। चतरा लोकसभा क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात के रूप में भोपाल–धनबाद एक्सप्रेस (संख्या 01631, त्रि-साप्ताहिक) रेल सेवा का शुभारंभ टोरी रेलवे स्टेशन से किया गया। क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह के प्रयासों से शुरू हुई इस नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने ट्रेन का स्वागत किया। नई रेल सेवा से चतरा, लातेहार और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा मिलेगी। साथ ही यह सेवा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति देने में सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यह पहल आम जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करती है और क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक अहम कदम है। इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा सांसद कालीचरण सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष बंशी यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष लाल कौशल नाथ शाहदेव, जिला महामंत्री सह सांसद प्रतिनिधि अमलेश सिंह, चंदवा मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अमित गुप्ता, कुलामन साहू, मनोज कुमार, दीपक निषाद सहित टोरी जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक और उनकी पूरी टीम उपस्थित रही।
नई ट्रेन सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को अब भोपाल सहित अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

