राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में बीती रात चोरी की एक घटना ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामनगर रोड नंबर 6 स्थित शिव हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों ने दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मंदिर की देखभाल करने वाले चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि सुबह जब मंदिर खोला गया तो दान पेटी का ताला टूटा हुआ मिला। घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कदमा थाना के एएसआई भोला राणा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि करीब तीन वर्षों से दान पेटी नहीं खोली गई थी, ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोर कितनी राशि लेकर फरार हुए हैं। पुलिस ने मामले का जल्द खुलासा करने का दावा किया है।

