मानगो में एनडीए का जोरदार जनसंपर्क अभियान, संध्या सिंह के पक्ष में दिग्गजों ने मांगा समर्थन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर एनडीए ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। पूर्व मंत्री राजा पीटर, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तथा जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क कर एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।

पूर्व मंत्री राजा पीटर ने उलिडीह स्थित आदिवासी हाई स्कूल परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न इलाकों में घर-घर जाकर मानगो मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनडीए के नेतृत्व में मानगो को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विकसित नगर बनाया जाएगा।

वहीं केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने गुरुद्वारा रोड, पोस्ट ऑफिस रोड और डिमना मेन रोड क्षेत्र में जनसंपर्क कर संध्या सिंह के समर्थन में मतदाताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि एनडीए विकास, सुशासन और पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध है तथा नगर निगम में जीत से विकास को नई गति मिलेगी।
इधर विधायक पूर्णिमा साहू ने मानगो के दाईगुट्टू, बड़ा हनुमान मंदिर, सरदुल फैक्टरी, शिव मंदिर लाइन, दीपासाई, धोबी लाइन व अन्य क्षेत्रों में जनसंपर्क कर 23 फरवरी को क्रम संख्या 10, कैमरा छाप पर मुहर लगाने की अपील की। साथ ही केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने समर्थन बैठक की
अभियानों के दौरान एनडीए एवं भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने विश्वास जताया कि जनता के समर्थन से मानगो में विकास की नई दिशा तय होगी।

