रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 17 में चुनावी सरगर्मी के बीच राजनीतिक बयानबाजी और वादों की बाढ़ ने माहौल को गरमा दिया है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कुछ प्रत्याशी अपने झूठे वादों और आकर्षक नारों के माध्यम से आम जनता को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। स्वच्छता और विकास का दावा करने वाले कई उम्मीदवारों की हकीकत उनके ही चुनावी कार्यालयों के बाहर दिखाई दे रही है, जहां मिठाई के डिब्बे, पानी की खाली बोतलें और अन्य कचरे का ढेर लगा हुआ है। लोगों का कहना है कि जब अपने आसपास की सफाई नहीं संभल रही, तो पूरे वार्ड के विकास का दावा कितना सही है, यह सोचने वाली बात है। वार्ड 17 में सड़क और नाली निर्माण का मुद्दा भी चर्चा का केंद्र बना हुआ है। जानकारी के अनुसार इन आधारभूत सुविधाओं का निर्माण आवास बोर्ड द्वारा वर्ष 2018 से पहले ही करा दिया गया था। इसके बावजूद कुछ प्रत्याशी उसी कार्य को अपने चुनावी मेनिफेस्टो में शामिल कर श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। इस दोहराव को लेकर मतदाताओं में असंतोष देखा जा रहा है। नागरिकों का स्पष्ट कहना है कि उन्हें ऐसा पार्षद चाहिए जो एक आवाज पर खड़ा हो, जो वार्ड के हर सदस्य के सुख-दुख में सहभागी बने और केवल चुनावी मौसम में ही नहीं, बल्कि पूरे कार्यकाल में जनता के साथ जुड़ा रहे। पानी की समस्या को लेकर भी लोगों ने खुलकर अपनी बात रखी। वार्डवासियों का कहना है कि वर्ष 2018 से पहले उन्हें जल संकट का गंभीर सामना करना पड़ता था। लेकिन 2018 के नगर निगम चुनाव के बाद पूर्व पार्षद नीतू शर्मा के प्रयासों से जल समस्या में उल्लेखनीय सुधार हुआ और लोगों को राहत मिली। ऐसे में मतदाता अब पुराने कार्यों को नए वादों के रूप में पेश किए जाने पर सवाल उठा रहे हैं। चुनावी घोषणापत्रों में विरोधाभास भी सामने आ रहा है। एक ओर कई प्रत्याशी दावा कर रहे हैं कि वार्ड में तमाम कार्य पहले ही पूरे हो चुके हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हीं कार्यों को दोबारा कराने का वादा भी कर रहे हैं। आम नागरिकों का कहना है कि चुनाव नजदीक आते ही प्रत्याशी घर-घर जाकर, यहां तक कि मतदाताओं के पैर पड़कर वोट मांगते हैं, लेकिन जीत के बाद जनता की समस्याओं को दरकिनार कर दिया जाता है और उनकी आवाज अनसुनी रह जाती है। वार्ड 17 के लोगों का साफ शब्दों में कहना है कि अब वे केवल वादों पर नहीं, बल्कि काम और व्यवहार पर विश्वास करेंगे। जो जनप्रतिनिधि सच्चे मन से जनता के लिए खड़ा रहेगा, वार्ड के लोग उसी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखेंगे और उसे जीत का ताज पहनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। चुनावी माहौल में जनता की यह मुखर प्रतिक्रिया आने वाले परिणामों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।

