विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो के अथक प्रयास से नाला विधानसभा क्षेत्र में हाई मास्ट स्ट्रीट लाइट से बढ़ेगी सुरक्षा व सुविधा
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: नाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख स्थलों पर हाई मास्ट स्ट्रीट लाइट का इंस्टॉलेशन कार्य किया जा रहा है। यह कार्य विधानसभाध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के सतत प्रयासों से संभव हो रहा है। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करना, रात्रिकालीन सुरक्षा को मजबूत करना तथा आम नागरिकों को सुगम और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
प्रखंड नाला में गिरिधारी मंदिर प्रांगण, देवलेश्वर मंदिर प्रांगण, खैरा चौक, बजरंगबली चौक तथा कस्तूरबा आवासीय विद्यालय परिसर में हाई मास्ट लाइट लगाई जायेगी। वहीं प्रखंड कुंडहित में सिंहवाहिनी मंदिर प्रांगण, बारमशिया मोड़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल, कस्तूरबा आवासीय विद्यालय और ब्लॉक परिसर को इस योजना में शामिल किया गया है।
इसी क्रम में प्रखंड फतेहपुर के एकलव्य विद्यालय परिसर, मुर्गाबनी चौक, बिंदापाथर थाना के समीप तथा पालाजोड़ी काली मंदिर प्रांगण में भी हाई मास्ट स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठापन किया जायेगा।
इन लाइटों के स्थापित होने से धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक परिसरों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक संस्थानों में रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होगी। इससे न केवल दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा, बल्कि आम लोगों की दैनिक आवाजाही भी अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगी। यह पहल क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

