झारखंड में पत्रकारों को सुविधाओं से वंचित रखने का आरोप, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों पर मंथन
डिजिटल मीडिया की विश्वसनीयता एवं चुनौतियां विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न
सीसीएल बचरा ऑफिसर क्लब में झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पिपरवार:सीसीएल पिपरवार क्षेत्र स्थित बचरा ऑफिसर क्लब में शनिवार को भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की झारखंड राज्य इकाई, झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन पिपरवार नगर कमेटी द्वारा एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय सम्मेलन सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “डिजिटल मीडिया की विश्वसनीयता एवं चुनौतियां” रहा, जिसमें रांची, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, साहिबगंज एवं पाकुड़ सहित विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संपूर्णानंद भारती ने कहा कि पत्रकारों के सामने अनेक चुनौतियां हैं, लेकिन उनकी विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह नहीं लगाया जा सकता। डिजिटल युग में सूचना तेजी से प्रसारित हो रही है, ऐसे में बिना सत्यापन खबर चलाने की प्रवृत्ति से बचना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया की सबसे बड़ी चुनौती भ्रष्टाचार उजागर करने पर पत्रकारों पर झूठे मुकदमे दर्ज होना है।
संघ के संस्थापक शाहनवाज हसन ने कहा कि झारखंड देश का ऐसा राज्य है जहां पत्रकारों को पेंशन, स्वास्थ्य बीमा जैसी मूलभूत सुविधाएं अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। अन्य राज्यों में लागू योजनाएं झारखंड में धरातल पर नहीं उतरी हैं। उन्होंने गंभीर रूप से बीमार या दुर्घटनाग्रस्त पत्रकारों को सरकारी सहायता नहीं मिलने पर चिंता जताई और कहा कि पत्रकारों को संगठित होकर अधिकारों के लिए आवाज उठानी होगी।
मुख्य अतिथि सीसीएल जीएम (ईएंडटी) एस.के. सिंह ने निष्पक्ष और पारदर्शी पत्रकारिता पर जोर देते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भ्रामक खबरों को रोकना जिम्मेदार पत्रकारों का कर्तव्य है। वहीं झामुमो के सिमरिया विधानसभा प्रभारी मनोज चंद्रा ने आश्वासन दिया कि पत्रकारों की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, शॉल एवं मोमेंटो देकर किया गया। अध्यक्षता संपूर्णानंद भारती ने की तथा संचालन रविंद्र कुमार सिंह और मासूम अंसारी ने संयुक्त रूप से किया।
सम्मेलन में विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों व सैकड़ों पत्रकारों की उपस्थिति रही। धन्यवाद ज्ञापन पिपरवार के कार्यकारी अध्यक्ष नरेश चंद्र चौरसिया ने किया।

