रंकिनी मंदिर कदमा में माँ रंकिनी की 62वीं प्रतिष्ठा दिवस पर विशेष पूजा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: कदमा स्थित रंकिनी मंदिर में माँ रंकिनी (काली माँ) की 62वीं प्रतिष्ठा दिवस श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। वर्ष 1964 से निरंतर आयोजित इस वार्षिक उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
प्रतिष्ठा दिवस पर माँ का महास्नान, पंचामृत स्नान एवं विशेष श्रृंगार किया गया। नए वस्त्रों से सुसज्जित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हवन संपन्न हुआ। इसके बाद माँ को विविध व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।
कार्यक्रम के तहत दरिद्र नारायण भोज का आयोजन कर लगभग 300 से अधिक जरूरतमंदों को भोजन कराया गया। साथ ही साड़ी, धोती एवं नगद राशि का वितरण भी किया गया।
मंदिर समिति अध्यक्ष दिलीप दास एवं महासचिव जर्नादन पांडेय ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। उल्लेखनीय है कि रंकिनी मंदिर क्षेत्र का प्राचीन मंदिर माना जाता है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। प्रतिष्ठा दिवस पर पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।

