स्वामी निरंजनानंद सरस्वती के जन्मोत्सव पर रक्तदान शिविर, 70 यूनिट रक्त संग्रह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर (झारखंड): शहर के सत्यानंद योग केंद्र द्वारा स्वामी निरंजनानंद सरस्वती के जन्मोत्सव के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं बौद्धिक विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में लगभग 50-60 प्रबुद्ध नागरिकों की उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमर सिंह ने रक्तदान की वैज्ञानिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नियमित रक्तदान का आह्वान किया। इस अवसर पर संस्था की पत्रिका ‘योग सुधा’ का भी लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में स्वामी सत्यानंद सरस्वती के आध्यात्मिक दर्शन और सेवा संकल्पों का उल्लेख करते हुए योग एवं सेवा के समन्वित दृष्टिकोण पर चर्चा की गई।
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 70 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों को सम्मानित किया गया। आयोजन समाज सेवा और आध्यात्मिक चेतना का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा।

