भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, सीबीआई जांच की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता, भ्रष्टाचार और धांधली के विरोध में भाजपा जमशेदपुर महानगर के बैनर तले जिला उपायुक्त कार्यालय पर आक्रोश प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा तथा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गोस्वामी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने भर्ती परीक्षाओं में सामने आए मामलों की सीबीआई जांच कराने तथा आंदोलन कर रहे युवाओं पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि राज्य के युवाओं का भविष्य भर्ती घोटालों और अनियमितताओं की भेंट चढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी के कारण लाखों अभ्यर्थियों में निराशा और आक्रोश है। उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय दिलाने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

वहीं, अन्य वक्ताओं ने भी सरकार पर भर्ती परीक्षाओं को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपकर भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच और युवाओं पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की।

