आदित्यपुर नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में कैथ लैब का उद्घाटन, हृदय रोगियों को मिलेगी आधुनिक इलाज की सुविधा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में मंगलवार को नवनिर्मित कैथ लैब का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया. इसके शुरू होने से अब अस्पताल में हृदय रोग से संबंधित जांच और आधुनिक उपचार की सुविधाओं का विस्तार होगा. राज्यपाल ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए चेयरमैन मदन मोहन सिंह के योगदान की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि कम समय में मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने जिस तरह अपनी सुविधाओं का विस्तार किया है, वह सराहनीय है. चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने कहा कि संस्थान ने आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं रियायती दर पर उपलब्ध कराने का जो वादा किया था, वह अब मूर्त रूप ले रहा है. कैथ लैब शुरू होने से हृदय रोगियों के इलाज की दिशा में अस्पताल ने महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है.

उन्होंने बताया कि समूह का अगला लक्ष्य टाटा-रांची नेशनल हाईवे पर तैयार हो रहे मेडिकल कॉलेज अस्पताल को वर्ष 2027 में शुरू करना है. गौरतलब है कि 800 से अधिक बेड वाले इस अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सहित विभिन्न चिकित्सा विभाग संचालित हैं. मेडिकल कॉलेज में MBBS की 100 सीटें हैं. कैथ लैब शुरू होने से आदित्यपुर, सरायकेला-खरसावां और आसपास के हृदय रोगियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है. कार्यक्रम में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह, एसपी मनोज स्वर्गियारी, प्राचार्य प्रो. डॉ. केदार नाथ सिंह सहित संस्थान के चिकित्सक, कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

