10 माइल होटल गोलीकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, सिंटू सिंह गिरफ्तार
निखार सबलोक हत्याकांड में सातवीं गिरफ्तारी, लोडेड पिस्टल, बाइक और दो मोबाइल बरामद; आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास
संजय शर्मा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल:सरायकेला-खरसावां जिले के चर्चित 10 माइल होटल गोलीकांड एवं निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चांडिल एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) ने मामले के मुख्य वांछित आरोपियों में शामिल कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, चांडिल थाना कांड संख्या 115/2026 के तहत 24 अगस्त को आसनबनी स्थित 10 माइल होटल में 33 वर्षीय निखार सबलोक को अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के दौरान टीएमएच, जमशेदपुर में उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्य से सिंटू तक पहुंची पुलिस
एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाल रंग की हुंडई आई-10 कार (जेएच 05 एएन 5503) को रांची से बरामद किया था। इसके बाद पुलिस की जांच की कड़ी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह तक पहुंची।
गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बजाज एवेंजर बाइक, दो मोबाइल फोन और एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद की। पिस्टल की मैगजीन में एक जिंदा गोली भी मिली है। बरामद सामान को पुलिस ने जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना है।
छह आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस इससे पहले अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव, सुनील रजक, रितेश सिंह, सुशील केराई, राजकुमार सिंह उर्फ प्रिंस और अंकित सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। इनके पास से हत्या में प्रयुक्त दो पिस्टल भी बरामद की गई थीं।
कई संगीन मामलों में दर्ज है नाम
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ बोडाम, मानगो, ओलिडीह और आदित्यपुर समेत विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, मारपीट, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं। आदित्यपुर थाना में वर्ष 2016 में दर्ज एक मामले में हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएं भी शामिल हैं।
फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। एसआईटी पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
चांडिल एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार थाना प्रभारी संतन तिवारी ने प्रेस वार्ता में गिरफ्तारी की पुष्टि की। सिंटू सिंह को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
निखार हत्याकांड : अब तक की कार्रवाई
24 अगस्त: आसनबनी स्थित 10 माइल होटल में निखार सबलोक को गोली मारी गई।
इलाज के दौरान मौत: गंभीर रूप से घायल निखार ने टीएमएच जमशेदपुर में दम तोड़ा।
एसआईटी गठित: मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष अनुसंधान टीम बनाई गई।
पहली बड़ी बरामदगी: घटना में प्रयुक्त हुंडई आई-10 कार रांची से बरामद।
छह आरोपी गिरफ्तार: अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव समेत छह आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
सातवीं गिरफ्तारी: कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह पुलिस की गिरफ्त में।
बरामदगी: लोडेड देशी पिस्टल, एक जिंदा गोली, बजाज एवेंजर बाइक और दो मोबाइल फोन।
अगला लक्ष्य: फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्याकांड की पूरी साजिश का खुलासा।

