मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में मतदान केंद्रों व हांसीपहाड़ी चेकनाका का निरीक्षण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत सामान्य प्रेक्षक संजय पाण्डेय ने 12 फरवरी 2026 को मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उनके साथ निर्वाची पदाधिकारी अध्यक्ष पद सह उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कुल 11 मतदान केंद्रों में भवन की स्थिति, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सामान्य प्रेक्षक ने हांसीपहाड़ी चेकनाका का भी निरीक्षण किया। वहां संधारित पंजी, सीसीटीवी निगरानी तथा तैनात बल की तैनाती की जानकारी ली गई। उन्होंने निर्देश दिया कि चेकनाका से गुजरने वाले सभी वाहनों की सख्ती से जांच की जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कोई बाधा उत्पन्न न हो और चुनाव स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद, प्रशासन और पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे तथा सभी व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।

