उन्नत उद्यानिकी प्रशिक्षण के लिए 40 प्रगतिशील किसान नोएडा रवाना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित 40 प्रगतिशील किसानों को मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर योजना के तहत पांच दिवसीय उन्नत उद्यानिकी प्रशिक्षण हेतु भारतीय बागवानी तकनीकी संस्थान, नोएडा भेजा गया। प्रशिक्षण दल को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं डीडीसी नागेन्द्र पासवान ने समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला उद्यान पदाधिकारी अनिमा लकड़ा और तकनीकी विशेषज्ञ अनिल चौरसिया उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को आधुनिक उद्यानिकी तकनीक, संरक्षित खेती, गुणवत्तायुक्त पौध प्रबंधन, पोस्ट-हार्वेस्ट प्रबंधन एवं मूल्य संवर्धन की व्यावहारिक जानकारी देना है, ताकि उत्पादन और आय में वृद्धि हो सके। जिला उद्यान पदाधिकारी ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से किसानों को नई तकनीकों की जानकारी मिलती है और भविष्य में भी इस प्रकार के एक्सपोजर विजिट आयोजित किए जाएंगे।

