नगर निकाय चुनाव के बीच भाजपा में असंतोष, चंपाई सोरेन बैठकों से दूर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नगर निकाय चुनाव निर्णायक चरण में पहुंच चुके हैं। इसी बीच झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कोल्हान क्षेत्र के एकमात्र भाजपा विधायक चंपाई सोरेन की पार्टी से नाराजगी खुलकर सामने आई है। चंपाई सोरेन इन दिनों पार्टी की बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों से दूरी बनाए हुए हैं।
चंपाई सोरेन का कहना है कि पार्टी की ओर से उन्हें बैठकों और रायशुमारी की कोई सूचना नहीं दी जाती। जब बुनियादी जानकारी ही साझा नहीं की जाती, तो सक्रिय भूमिका निभाने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने संकेत दिया कि इसके पीछे कोई प्रभावशाली व्यक्ति हो सकता है, जो नहीं चाहता कि वे पार्टी के भीतर ज्यादा सक्रिय रहें।
वहीं, चंपाई के आरोपों पर आदित्यपुर नगर निगम चुनाव प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि चंपाई सोरेन प्रायः मोबाइल नहीं रखते या फोन बंद रहता है। उनके अनुसार, कार्यक्रमों और बैठकों की सूचना उनके पीए चंचल गोस्वामी को दी जाती है, लेकिन वे स्वयं शामिल नहीं होते।
इस बीच चंपाई सोरेन के सहयोगियों ने प्रत्याशी चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोल्हान से भाजपा का सिर्फ एक विधायक होने के बावजूद उनकी अनुपस्थिति में रायशुमारी करना संगठनात्मक संतुलन पर प्रश्नचिह्न लगाता है। पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार नहीं करने के सवाल पर चंपाई सोरेन ने स्पष्ट कहा कि जब रायशुमारी में विधायक को शामिल ही नहीं किया गया, तो प्रचार करने का कोई औचित्य नहीं बनता।

