टाटा पावर गेट पर ट्रेड यूनियनों का धरना, 12 फरवरी को राज्यव्यापी हड़ताल का ऐलान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच, झारखंड के आह्वान पर मंगलवार को टाटा पावर गेट के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में विभिन्न ट्रेड यूनियनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए।
धरना को संबोधित करते हुए ट्रेड यूनियन नेता अंबुज ठाकुर ने कहा कि मजदूरों का लगातार शोषण किया जा रहा है। कई संस्थानों में न तो समय पर उचित मानदेय दिया जा रहा है और न ही पेमेंट स्लिप उपलब्ध कराई जा रही है। पेमेंट स्लिप मांगने पर मजदूरों को काम से हटाया जाना गैरकानूनी और अन्यायपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और मांगों को लेकर आगामी 12 फरवरी को झारखंड के सभी ट्रेड यूनियन संयुक्त रूप से एक दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल करेंगे। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। धरना शांतिपूर्ण रहा, लेकिन मजदूरों में भारी आक्रोश देखा गया।

