यूसीआईएल भारत की ऊर्जा सुरक्षा की रीढ़, नए प्रोजेक्ट और पारदर्शिता पर जोर : सीएमडी डॉ. के. आनंद राव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। यूरेनियम कार्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जादूगोड़ा गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यूसीआईएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. के. आनंद राव ने कहा कि यूसीआईएल भारत के न्यूक्लियर पावर सेक्टर की रीढ़ है और आने वाले वर्षों में उत्पादन क्षमता, तकनीकी आधुनिकीकरण और पारदर्शिता को और सशक्त किया जाएगा।
डॉ. राव ने कहा कि न्यूक्लियर ऊर्जा स्वच्छ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है। उन्होंने जानकारी दी कि यूसीआईएल लगातार नए प्रोजेक्ट और विस्तार योजनाओं पर कार्य कर रहा है। इनमें छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जाजावल यूरेनियम प्रोजेक्ट के लिए माइनिंग लीज आवेदन, रोहिल प्रोजेक्ट में गहरी खोजी खनन का विस्तार, कन्नमपल्ले और तुम्लापल्ली प्रोजेक्ट में प्री-प्रोजेक्ट गतिविधियों को तेज करना तथा एनटीपीसी और आईआरईएल के साथ संयुक्त उपक्रम की प्रक्रिया शामिल है।
सीएमडी ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यस्थल की विश्वसनीयता यूसीआईएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन प्रणाली और जवाबदेही के जरिए सुरक्षित और पेशेवर वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) को लेकर प्रबंधन गंभीर है और जल्द ही इसका सकारात्मक असर क्षेत्र में दिखाई देगा।
शुद्ध पेयजल को लेकर डॉ. राव ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में बड़े स्तर पर सुधार की रणनीति तैयार की जा रही है, ताकि लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने पारदर्शिता के साथ काम करने और भ्रष्टाचार पर लगातार अंकुश लगाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
यूसीआईएल के वित्त निदेशक विक्रम केसरी दास ने बताया कि कंपनी में ईआरपी सिस्टम लागू करने का काम तेजी से चल रहा है। इसके लागू होने से ठेकेदारों और कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी।
यूसीआईएल अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के मुद्दे पर सीएमडी ने बताया कि आठ डॉक्टरों की बहाली के लिए वैकेंसी निकाली गई है और इंटरव्यू भी हो चुका है। जल्द ही डॉक्टरों की कमी दूर की जाएगी, साथ ही अस्पताल की सुविधाओं और दवा आपूर्ति को भी बेहतर किया जाएगा।
इसके अलावा मुख्य सड़कों पर स्ट्रीट लाइट, मुक्तिधाम की सफाई, जनहित के अन्य मुद्दों तथा यूसीआईएल कॉलोनी के विकास पर भी चर्चा हुई। डॉ. राव ने बताया कि कॉलोनी की सड़कों के निर्माण के लिए जल्द टेंडर जारी किया जाएगा।
अंत में सीएमडी ने मीडिया और स्थानीय समुदाय के साथ नियमित संवाद पर जोर देते हुए कहा कि इससे विकास कार्यों की सही जानकारी आम लोगों तक पहुंचेगी और गलतफहमियां दूर होंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय के सहयोग से यूसीआईएल भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगा और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को और मजबूत करेगा।
इस अवसर पर यूसीआईएल के वित्त निदेशक के साथ राकेश कुमार, एस. के. सेनगुप्ता और गिरीश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

